शिक्षा, सस्ती चिकित्सा, सेवा और सहयोग के चार स्तंभों पर नोएडा लोकमंच कर रहा है कार्य – महेश सक्सेना
आदर्श संस्कार पब्लिक स्कूल में बाल दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन
नोएडा। कोंडली बांगर स्थित नोएडा लोकमंच द्वारा संचालित आदर्श संस्कार पब्लिक स्कूल में शनिवार को बाल दिवस के अवसर पर हर्षोल्लास के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया गया। नन्हे बच्चों की खिलखिलाहट, उनकी मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और आंखों में बड़े सपने इस आयोजन की विशेष आकर्षण रहे।
नोएडा लोकमंच के शिक्षा प्रकल्प के अंतर्गत संचालित इस विद्यालय के लिए समारोह की एक विशेष उपलब्धि विद्यालय को उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद (यूपी बोर्ड) से मान्यता प्राप्त होना रही। यह उपलब्धि नोएडा लोकमंच के शिक्षा एवं समाजसेवा के प्रयासों में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है।
यह मान्यता केवल एक औपचारिक उपलब्धि नहीं, बल्कि उन बच्चों के बेहतर भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, जिन्हें गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए नोएडा लोकमंच निरंतर प्रयासरत है।
इस अवसर पर एन.आई.ओ.एस.के पूर्व निदेशक एन.के. अंबष्ठ , नोएडा लोकमंच के महासचिव महेश सक्सेना , शिक्षा समिति की सचिव श्रीमती लीका सक्सेना , श्रीमती मुक्ता गुप्ता , आदर्श संस्कार पब्लिक स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती सीमा लक्ष्मी नेगी एवं संस्कार अध्ययन केंद्र की श्रीमती पुष्पा सिंह उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोंडली क्षेत्र से फिरे सिंह , चाचा अनार सिंह , अनिल चोंकर , प्रधानाचार्य प्रेम शर्मा सहित नोएडा लोकमंच के रेनू छिब्बर, रंजू माथुर, आशु सक्सेना, राजेश श्रीवास्तव, गिरजा सिंह, मुकेश चंद शर्मा, राकेश कुमार, गौरव दुबे एवं लुबना सैफी सहित अन्य गणमान्य सदस्य एवं अतिथि उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के बच्चों ने दो सुंदर सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों की मनमोहक प्रस्तुतियों पर अतिथियों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर सभी अतिथियों का सम्मान एवं अभिनंदन भी किया गया।
एन.आई.ओ.एस.के पूर्व निदेशक एन.के. अंबष्ठ एवं नोएडा लोकमंच के महासचिव महेश सक्सेना ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में बच्चों को शिक्षा, संस्कार, अनुशासन और जीवन में निरंतर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर महासचिव महेश सक्सेना ने कहा कि बच्चा केवल किताबों से ही नहीं, बल्कि संस्कार, अनुशासन और प्रेम से भी आगे बढ़ता है। नोएडा लोकमंच का संकल्प है कि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे और प्रत्येक बच्चे को आगे बढ़ने के समान अवसर मिलें।
उन्होंने कहा कि नोएडा लोकमंच समाज के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा, सस्ती चिकित्सा, सेवा और सहयोग के चार प्रमुख स्तंभों पर कार्य कर रहा है। समाज की वास्तविक सेवा तभी संभव है, जब शिक्षा के साथ-साथ स्वास्थ्य सुविधाएं और जरूरतमंदों को सहयोग भी उपलब्ध कराया जाए।
कार्यक्रम का समापन बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना एवं समाज के प्रति सेवा और सहयोग के संकल्प के साथ हुआ।
नोएडा लोकमंच का विश्वास है कि आज के बच्चों को अच्छी शिक्षा, संस्कार और उचित अवसर देकर ही एक सशक्त एवं बेहतर समाज का निर्माण किया जा सकता है।

