*योग, विचार और अभिव्यक्ति के संग — महिला शक्ति का उत्सव*
सेक्टर १२२ में मनाया गया अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस
नोएडा:सेक्टर 122 में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस बड़े उत्साह, सकारात्मक ऊर्जा और सामूहिक भागीदारी के साथ मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने योग अभ्यास, कविता पाठ और अपने विचारों की अभिव्यक्ति के माध्यम से महिला सशक्तिकरण का सशक्त संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक योग अभ्यास से हुई, जिसने प्रतिभागियों के मन में शांति, संतुलन और सकारात्मकता का संचार किया। मनोवैज्ञानिक दृष्टि से योग ने तनाव को कम करने, आत्मविश्वास बढ़ाने और आपसी जुड़ाव की भावना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके बाद महिलाओं द्वारा कविता पाठ किया गया, जिसमें उन्होंने अपनी भावनाओं, अनुभवों और समाज में महिलाओं की भूमिका को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया। यह गतिविधि भावनात्मक अभिव्यक्ति का प्रभावी माध्यम बनी, जिससे प्रतिभागियों के आत्मसम्मान और आत्मविश्वास में वृद्धि देखने को मिली।
डॉ उमेश शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने अपने विचार भी व्यक्त किए, जिसमें उन्होंने समाज में महिलाओं की चुनौतियों, उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं पर चर्चा की। इस खुले संवाद ने आपसी समझ, सहयोग और सामूहिक चेतना को मजबूत किया।
प्रसिद्ध मनोवैज्ञानिक डॉ शर्मा ने सेक्टर 122 की योग टीम अपने आप में महिला सशक्तिकरण का प्रेरणादायक उदाहरण है, जहाँ महिलाएँ स्वास्थ्य, नेतृत्व और सामाजिक सहभागिता के माध्यम से समाज में सकारात्मक परिवर्तन का संदेश दे रही हैं। मनोवैज्ञानिक रूप से यह आयोजन केवल एक उत्सव नहीं बल्कि महिलाओं के मानसिक सशक्तिकरण, सामूहिक एकता और सकारात्मक सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम सिद्ध हुआ।
*जहाँ नारी सशक्त, वहाँ समाज सुरक्षित।*


