ग्रेटर नोएडा में पब्लिक ट्रायल के लिए कल से खुलेगा एनसीआर का सबसे चौड़ा चार मूर्ति अंडरपास
********
-राजेश बैरागी-
ग्रेटर नोएडा(पश्चिम) में चार मूर्ति चौराहे पर साठ मीटर रोड पर पिछले लगभग सवा साल से बन रहे अंडरपास को कल 5 नवंबर से यातायात परीक्षण के लिए खोल दिया जाएगा। लगभग 95 करोड़ रुपए की लागत से तैयार एनसीआर का सबसे यह सबसे चौड़ा अंडरपास है जिसे वर्षा जल भराव से बचाने के लिए मुकम्मल इंतजाम किए गए हैं।
ग्रेटर नोएडा पश्चिम में 4 फरवरी 2025 से बनाए जा रहे चार मूर्ति अंडरपास को यातायात के लिए खोल देने की घड़ी आ गई है। इसे कल 5 नवंबर से फिलहाल यातायात परीक्षण के लिए खोल दिया जाएगा। अधिकारिक रूप से इसका उद्घाटन बाद में होगा। इसके निर्माण में ₹87,05,31,972 खर्च हुए हैं जबकि अंडरपास के दोनों सिरों पर बारिश के पानी के पानी को अंदर आने से बचाने के लिए लगाए गए शेड (कैनोपी) पर 7 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। कैनोपी के पोल पर लगाई गई विशेष लाइटें इस अंडरपास को मनोरम और भव्य स्वरूप प्रदान करेंगी। कैनोपी लगने से बारिश का पानी अंडरपास के भीतर नहीं आने का इंतजाम किया गया है, परंतु किसी प्रकार पानी आने पर अंडरपास के दोनों ओर बनाए गए गहरे संपवेल अंडरपास के भीतर जलभराव से बचाएंगे।वरिष्ठ प्रोजेक्ट प्रबंधक प्रभात शंकर ने बताया कि यह अंडरपास एनसीआर का सबसे चौड़ा अंडरपास है जिसमें आने और जाने वाली सड़कों पर तीन तीन गाड़ियां एक साथ दौड़ सकती हैं। उल्लेखनीय है कि साठ मीटर रोड पर बनाए गए इस अंडरपास से गाजियाबाद और राष्ट्रीय राजमार्ग संख्या 9 से आवागमन करने वाले लाखों लोगों को लाभ होगा। इसके ऊपर नोएडा से आवागमन के लिए पहले ही सड़क बनाने का काम पूरा कर दिया गया है।(नेक दृष्टि)(ऐसे ही अन्य समाचारों आलेख के लिए हमारी वेबसाइट देखें)
.jpg)