ओडिशा के हर गरीब को मिलेगा पक्का घर, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने दी तत्काल 5 लाख पीएम आवास की सौगात

 




भुवनेश्वर/ नई दिल्ली ; केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान शनिवार को ओडिशा पहुंचे, जहां उन्होंने भुवनेश्वर में आयोजित भारतीय जनता पार्टी की 'लोकतंत्र बचाओ- अराजकता हटाओ' पदयात्रा में शामिल होकर विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान ओडिशा के मुख्यमंत्री मोहन चरण मांझी सहित अनेक वरिष्ठ नेता और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे। जनसभा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री ने कांग्रेस, राहुल गांधी और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि विपक्ष लगातार चुनावी हार से बौखलाया हुआ है। जनता का विश्वास खो चुके ये दल अब झूठे नैरेटिव, अफवाहों और षड्यंत्रों के जरिए देश में अराजकता फैलाकर सत्ता हासिल करना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा वास्तव में लोकतंत्र की रक्षा का सत्याग्रह है।

राहुल गांधी हार की सेंचुरी बना चुके हैं

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर तीखा हमला करते हुए कहा कि, कांग्रेस परेशान है, विपक्ष परेशान है और उनकी परेशानी का कारण यही है कि नरेंद्र मोदी लगातार चुनाव जीत रहे हैं। भारतीय जनता पार्टी और एनडीए एक के बाद एक विजय हासिल कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह देखकर गर्व और आनंद होता है कि, नरेंद्र मोदी आज केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि एक संस्था हैं। वे करोड़ों देशवासियों के हृदय में बसते हैं और जनता के दिलों के हार हैं। यही बात विपक्ष को फूटी आंखों नहीं सुहा रही है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी लगभग 100 चुनाव हारकर हार की सेंचुरी बना चुके हैं। कांग्रेस बार-बार उन्हें लॉन्च करती है, वे हार जाते हैं, फिर लॉन्च करती है और फिर हार जाते हैं। उन्होंने कहा कि जनता लगातार कांग्रेस को नकार रही है, लेकिन अपनी गलतियों को स्वीकार करने के बजाय विपक्ष अब षड्यंत्रों पर उतर आया है।

झूठे नैरेटिव और अराजकता का सहारा ले रहा विपक्ष

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि विपक्ष जानता है कि वह सीधे जनता के वोट के सहारे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारतीय जनता पार्टी का मुकाबला नहीं कर सकता। इसलिए अब कमर के नीचे वार करने की रणनीति अपनाई जा रही है। अफवाहें फैलाओ, झूठे नैरेटिव गढ़ो, भ्रम पैदा करो और अराजकता फैलाकर किसी भी तरह सत्ता पर काबिज हो जाओ, यही विपक्ष की राजनीति बन गई है। उन्होंने कहा कि विपक्ष आज रिजीम चेंज के नारे लगा रहा है और भारत को बांग्लादेश बनाने के सपने देख रहा है। यह लोकतंत्र की रक्षा नहीं, बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था को अस्थिर करने का खतरनाक षड्यंत्र है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच जाकर विपक्ष के इस दोहरे चरित्र और उसकी साजिशों को बेनकाब करना जरूरी है।

कांग्रेस और राहुल गांधी कर रहे देश बांटने की साजिश

केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस और विपक्ष पर देश को बांटने की साजिश करने का आरोप लगाते हुए कहा कि देश का विभाजन एक बार अंग्रेजों ने बंगाल का विभाजन करके किया, दूसरी बार मोहम्मद अली जिन्ना ने 1947 में देश को बांटकर किया और अब कांग्रेस और विपक्ष घुसपैठियों को लाकर देश को तीसरी बार बांटने की साजिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह देश को कमजोर करने और राष्ट्रीय एकता पर प्रहार करने का प्रयास है। लेकिन विपक्ष को यह स्पष्ट सुन लेना चाहिए कि जब तक भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता जिंदा है, हम देश को बंटने नहीं देंगे, देश को झुकने नहीं देंगे और देश को टूटने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि भारत की एकता, अखंडता और संप्रभुता की रक्षा के लिए भाजपा का प्रत्येक कार्यकर्ता पूरी ताकत से खड़ा है।

इंदिरा गांधी ने 50 से ज्यादा निर्वाचित सरकारें गिराईं

शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस के लोकतंत्र बचाने के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि किसी पार्टी ने लोकतंत्र का गला घोंटा है तो वह कांग्रेस है। इंदिरा गांधी के शासनकाल में 50 से अधिक निर्वाचित सरकारों को गिराकर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर किया गया। वर्ष 1975 में आपातकाल लगाकर पूरे देश के लोकतांत्रिक अधिकारों का गला घोंटा गया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने सत्ता बचाने के लिए संविधान में संशोधन किए, निर्वाचित सरकारों को गिराया और लोकतंत्र की मर्यादाओं को तार-तार किया। आज वही कांग्रेस लोकतंत्र की रक्षा की बात कर रही है। उन्होंने कहा कि EVM पर सवाल उठाना और चुनावी संस्थाओं पर लगातार अविश्वास पैदा करना भी लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का प्रयास है। कांग्रेस का इतिहास लोकतंत्र की रक्षा का नहीं, बल्कि लोकतंत्र को कुचलने का रहा है।

घुसपैठियों को वोटर लिस्ट से ही नहीं, देश से भी बाहर करेंगे

शिवराज सिंह चौहान ने घुसपैठ के मुद्दे पर विपक्ष को घेरते हुए कहा कि जिन लोगों के माता-पिता का पता नहीं, जिनका कोई पारिवारिक रिकॉर्ड नहीं और जिनकी नागरिकता संदिग्ध है, उनके बारे में जांच होनी चाहिए कि वे आए कहां से हैं। उन्होंने कहा कि जांच में ऐसे लोग भी सामने आते हैं जो बांग्लादेश और दूसरे देशों से घुसपैठ करके आए हैं। उन्होंने भुवनेश्वर की जनता से सवाल किया कि क्या घुसपैठियों के नाम भारत की मतदाता सूची में रहने चाहिए? उन्होंने कहा कि जब घुसपैठियों के नाम हटाए जाते हैं तो राहुल गांधी के पेट में दर्द होता है और ममता बनर्जी की आंखों में आंसू आ जाते हैं। यह देश कोई धर्मशाला नहीं है कि जिसकी मर्जी हो, वह यहां आकर रहने लगे और मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज करा ले। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और एनडीए की सरकार में जो इस देश का नागरिक नहीं है, उसका नाम किसी भी कीमत पर मतदाता सूची में नहीं रहेगा। ऐसे घुसपैठियों को केवल वोटर लिस्ट से ही नहीं हटाया जाएगा, बल्कि कानून के अनुसार देश से बाहर भी किया जाएगा। उन्होंने कहा कि विपक्ष घुसपैठियों को संरक्षण देकर उनके वोटों के सहारे चुनाव जीतने का सपना देख रहा है, लेकिन देश की सुरक्षा और संप्रभुता के साथ कोई समझौता नहीं होगा। 

लोकतंत्र की हत्या नहीं होने देंगे

शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी और एनडीए ने संकल्प लिया है कि लोकतंत्र की रक्षा के लिए व्यापक अभियान चलाया जाएगा। अब कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर शांतिपूर्वक जनता को सच बताएंगे और SIR की वास्तविकता से लोगों को अवगत कराएंगे। उन्होंने कहा कि भुवनेश्वर में उमड़ा यह विशाल जनसमूह इस बात का प्रमाण है कि जनता लोकतंत्र और देश की एकता के साथ खड़ी है। इस पदयात्रा के माध्यम से जनता को जागरूक करने के साथ यह संकल्प भी लिया जा रहा है कि लोकतंत्र की हत्या किसी भी कीमत पर नहीं होने देंगे। देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए भाजपा का हर एक कार्यकर्ता अपना सर्वस्व न्योछावर करने को तैयार है। उन्होंने कहा कि आइए, हम सभी संकल्प लें कि लोकतंत्र बचाएंगे और अराजकता हटाएंगे। भारत माता की जय के उद्घोष के साथ उन्होंने उपस्थित जनसमूह से लोकतंत्र की रक्षा का संकल्प लेने का आह्वान किया

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

नोएडा में मनाया गया भगवान श्री चित्रगुप्त के प्रकट उत्सव

*योग, विचार और अभिव्यक्ति के संग — महिला शक्ति का उत्सव*

ध्यान की परिवर्तनकारी शक्ति जगा देती है आत्मा को