बिहार में ​फसल क्षति का लेंगे जायजा, खुद खेतों और राहत शिविरों में पहुंचेंगे 'मामा': मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के साथ करेंगे उच्चस्तरीय आपदा प्रबंधन बैठक


*शिवराज सिंह के दौरे में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्रालय सहित केंद्र के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम भी रहेगी साथ*

*​पटना/नई दिल्ली । केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 16 सितंबर (बुधवार) को बिहार के एक दिवसीय सघन प्रवास पर रहेंगे। इस दौरान वे राज्य के विभिन्न बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का व्यापक हवाई सर्वेक्षण करेंगे, जमीनी स्तर पर जाकर प्रभावित किसानों एवं आमजन से सीधा संवाद करेंगे और मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी की उपस्थिति में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय बैठक कर राहत व बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे। दौरे में शिवराज सिंह के साथ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण और ग्रामीण विकास मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों की टीम भी रहेगी। संकट की इस घड़ी में, प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में केंद्र सरकार बिहार के किसानों और नागरिकों के साथ पूरी मजबूती से खड़ी है। 

*​हवाई सर्वेक्षण से करेंगे शुरुआत, शिवराज सिंह खेतों में जाकर देखेंगे फसल क्षति*

तय कार्यक्रम के अनुसार, केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान भोपाल से पटना पहुंचकर सुबह 10:30 बजे पटना स्टेट हैंगर से हेलीकॉप्टर द्वारा दिघवारा एवं मनेर बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे। इसके उपरांत वे सुबह 11 बजे हाजीपुर पुलिस लाइन हेलीपैड पहुंचेंगे, जहाँ से सड़क मार्ग द्वारा तेरसिया एवं सरायपुर गांवों का दौरा करेंगे। यहाँ वे सीधे खेतों में उतरकर बाढ़ से फसलों को हुए नुकसान का निरीक्षण करेंगे तथा स्थानीय किसानों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनेंगे।

*​मुख्यमंत्री सचिवालय में होगी उच्चस्तरीय आपदा समीक्षा बैठक*

बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के बाद श्री चौहान गांधी सेतु होते हुए दोपहर 12:15 बजे 'संवाद', मुख्यमंत्री सचिवालय (पटना) पहुंचेंगे। यहाँ वे बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बाढ़ आपदा प्रबंधन, राहत कार्यों एवं किसानों को दी जाने वाली सहायता को लेकर आयोजित महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक में भाग लेंगे।

*​मुंगेर और भागलपुर के राहत शिविरों व तटबंधों का करेंगे निरीक्षण*

दोपहर डेढ़ बजे पटना से प्रस्थान कर केंद्रीय मंत्री श्री चौहान करीब सवा दो बजे मुंगेर के नवाबगढ़ी पहुंचेंगे। यहाँ वे नवाबगढ़ी स्थित राहत शिविर में पहुंचकर बाढ़ पीड़ितों से व्यक्तिगत रूप से मिलेंगे और चल रहे राहत कार्यों की गुणवत्ता परखेंगे। ​इसके बाद वे सड़क मार्ग से भागलपुर होते हुए नवगछिया के कोजीकरैया बांध का निरीक्षण करेंगे। शाम को वे भागलपुर पॉलिटेक्निक कॉलेज स्थित राहत शिविर में जाकर शरण लिए हुए प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे और उनकी कुशलक्षेम जानेंगे। रात्रि विश्राम भागलपुर राजकीय अतिथिशाला में करने के उपरांत 17 सितंबर की सुबह भी शिवराज सिंह बाढ़ प्रभावित लोगों से मिलने के पश्चात पटना के लिए प्रस्थान करेंगे।

​केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह के 16 सितंबर को होने वाले इस संवेदनशील और त्वरित दौरे से स्पष्ट है कि केंद्र सरकार प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में बिहार में बाढ़ प्रभावित परिवारों और किसानों को हरसंभव मदद व त्वरित राहत पहुँचाने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

सेक्टर 122 में मनाया जा रहा छठ महापर्व,पवित्रता, संयम और श्रद्धा का संगम

सेक्टर 122 में रावण दहन का हुआ भव्य आयोजन

सेक्टर 122 में श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाई गई गोवर्धन पूजा