सेक्टर १९ में निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित
320 मरीजों ने उठाया लाभ
संवाददाता
नोएडा:सुमित्रा अस्पताल, सेक्टर-35, नोएडा, तथा आर डब्ल्यूए, सेक्टर-19 के संयुक्त तत्वावधान में आज सेक्टर-19 स्थित कम्युनिटी सेंटर में सुबह 10:00 बजे से दोपहर 2:00 बजे तक मेगा निःशुल्क स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्घाटन डॉ. अंकित गुप्ता, मेडिकल डायरेक्टर सुमित्रा हॉस्पिटल, श्री आर सी गुप्ता, प्रेजिडेंट, आर डब्ल्यूए, सेक्टर-19 संजय गोयल, भारत विकास परिषद सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया।
शिविर में क्षेत्र के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया तथा लगभग 320 मरीजों ने पंजीकरण कराकर स्वास्थ्य जांच एवं उपचार का लाभ प्राप्त किया। शिविर में विभिन्न विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा निःशुल्क परामर्श एवं जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। इस कैंप में सुमित्रा हॉस्पिटल से डॉक्टर तथा स्टाफ की 22 सदस्यों की टीम शामिल रही।
शिविर में निःशुल्क सामान्य रोग विशेषज्ञ, छाती रोग विशेषज्ञ, फिजियोथेरेपिस्ट, स्त्री रोग विशेषज्ञ, बाल रोग विशेषज्ञ, दंत चिकित्सक, नेत्र विशेषज्ञ द्वारा मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया।
शिविर में निःशुल्क रक्तचाप जांच, ईसीजी, यूरोफ्लोमेट्री, हड्डियों की घनत्व जांच, शुगर जांच, लिवर फंक्शन टेस्ट, पीएफटी, फाइब्रोस्कैन सहित अन्य आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण भी निःशुल्क किए गए, जिसका लाभ बड़ी संख्या में लोगों ने उठाया। इसके अलावा शी विंग्स फाउंडेशन द्वारा सर्वाइकल स्क्रीनिंग तथा ब्रेस्ट कैंसर स्क्रीनिंग की जांच उनकी मोबाइल वैन में कराई गई।
इस अवसर पर डॉ. अंकित गुप्ता, मेडिकल डायरेक्टर, श्री आर सी गुप्ता, प्रेजिडेंट, आर डब्ल्यूए, सेक्टर-19 सहित संस्था के अन्य गणमान्य सदस्य एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने इस जनहितकारी स्वास्थ्य शिविर को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
डॉ. अंकित गुप्ता, मेडिकल डायरेक्टर सुमित्रा हॉस्पिटल ने कार्यक्रम के दौरान उपस्थित पदाधिकारियों से कहा कि समाज के प्रत्येक वर्ग तक बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना सुमित्रा हॉस्पिटल का प्रमुख उद्देश्य है तथा भविष्य में भी इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते रहेंगे.

