सिद्धार्थ नाथ सिंह ने की सरकार के मिशन वृक्षारोपण अभियान-2020 की शुरुआत
यूपी सरकार के पौधारोपण कार्यक्रम की कैबिनेट मंत्री ने की शुरुआत
नोएडा। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने यूपी सरकार के मिशन वृक्षारोपण अभियान-2020 की रविवार को शुरुआत की। उन्होंने सांसद व पूर्व मंत्री डॉ. महेश शर्मा और विधायक पंकज सिंह के साथ ओखला वेटलैंड में पौधारोपण कर लोगों को अधिक से अधिक पौधे लगाने के लिए प्रेरित किया।
कैबिने मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने कहा कि गौतमबुद्ध नगर प्रदेश की सबसे बड़ी औद्योगिक नगरी है। यहां पूरी दुनिया के लोगों का आना-जाना लगा रहता है। वाहनों का दबाव भी बेहद अधिक होने से पर्यावरण के प्रदूषित होने का अंदेशा बना रहता है। उन्होंने कहा कि पर्यावरण को शुद्ध रखने में पेड़ों की बेहद अहम भूमिका होती है। उन्होंने लोगों का आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक पौधे लगाएं, जिससे पर्यावरण को प्रदूषित होने से बचाया जा सके।
उन्होंने कहा कि अच्छी प्राणवायु की उपलब्धता के लिए समाज के प्रत्येक नागरिक को आगे आकर अपने आसपास के क्षेत्रों में अधिक से अधिक पौधारोपण करना होगा, जिससे पर्यावरण को सर्वग्राही बनाया जा सके।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री व सांसद डा. महेश शर्मा ने कहा कि अभियान के तहत इस वर्ष प्रदेश में 25 करोड़ पौधे लगाए जाएंगे। उन्होंने लोगों से अधिक से अधिक से पौधे लगाकर अपने भविष्य को सुरक्षित सुरक्षित बनाने का आह्वान किया । उन्होंने कहा कि इस अभियान की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने की है। इसके तहत फलदार और छायादार पौधों का रोपण किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से अपील की कि वे कम से कम एक पौधे लगाने और उसके पालन पोषण का संकल्प लें।
विधायक पंकज सिंह ने कहा कि पौधारोपण से न सिर्फ शहर हरा-भरा होगा, बल्कि हमें प्रदूषण के राक्षस से भी मुक्ति मिलेगी। इस अवसर पर डीएफओ पीके श्रीवास्तव, उपायुक्त उद्योग अनिल कुमार, संासद प्रतिनिधि संजय बाली, गिरिजा सिंह, लोकेश कश्यप, रोहित कुमार, धर्मेन्द्र चौहान, महेन्द्र कटारिया, वीरेन्द्र तोमर ने पौधारोपण कर अपनी उपस्थिति दर्ज कराई।