दहेज के लिए युवक ने की भाभी की गोली मारकर हत्या 

 

 

मायके वालों की शिकायत पर चार के खिलाफ एफआईआर, दो हिरासत में  

 

ग्रेटर नोएडा। दादरी थाना क्षेत्र के एस्कार्ट कॉलोनी में दहेज की मांग पूरी न होने पर देवर ने अपनी भाभी गोली मारकर हत्या कर दी। मृतका के परिजनों ने महिला के देवर, पति, ससुर और चचेरे ससुर के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों हिरासत में लिया है।

 

डीसीपी जोन-3 राजेश कुमार ने बताया कि बुलंदशहर के पाली बेगमपुर गांव के रहने वाले डेविड शर्मा ने वर्ष 2014 में अपनी बहन रचना की शादी एस्कार्ट कॉलोनी निवासी विपिन शर्मा से की थी। डेविड का आरोप है कि शादी के बाद से ही सुसराल के लोग दहेज की मांग को लेकर उनकी बहन को प्रताड़ित कर रहे थे। इस बारे में कई बार पंचायत भी हुई थी। लेकिन, ससुराल वालों का रवैया नहीं बदला। डेविड का आरोप है कि देवर प्रिंस शर्मा ने परिवार के अन्य लोगों के साथ मिलकर उसकी बहन रचना की गोली मारकर हत्या कर दी। उन्होंने बताया कि सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने मौके से हत्या में प्रयुक्त तमंचा भी बरामद कर लिया है। 

 

डीसीपी राजेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना की रिपोर्ट मृतका के भाई डेविड ने दर्ज कराई है। उसमें प्रिंस शर्मा, विपिन और रविंद्र शर्मा समेत चार लोगों को नामजद किया गया है। उन्होंने बताया कि जिस समय पुलिस मौके पर जांच कर रही थी, उसी दौरान मृतका के मायके वाले भी पहुंच गए। उन्होंने ससुराल वालों पर दहेज के लिए हत्य का आरोप लगाया। इस मामले में पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लिया है।

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

*"आज़ादी के दीवानों के तराने* ’ समूह नृत्य प्रतियोगिता में थिरकन डांस अकादमी ने जीता सर्वोत्तम पुरस्कार

ईश्वर के अनंत आनंद को तलाश रही है हमारी आत्मा

सेक्टर 122 हुआ राममय. दो दिनों से उत्सव का माहौल