मुकेश के अमर गीतों से सजी यादगार शाम, प्रेम, विरह, स्मृतियों और जीवन के भावनात्मक संसार से जोड़ा श्रोताओं को





‘शुक्रिया मुकेश-2026’ का 21वाँ संस्करण

नोएडा:नवरत्न फाउंडेशन्स का 21वाँ वार्षिक संगीतमय आयोजन ‘शुक्रिया मुकेश-2026’ रविवार को NEA भवन सभागार, सेक्टर-6, नोएडा में अत्यंत भावपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। मुकेश जी के सदाबहार गीतों ने श्रोताओं को प्रेम, विरह, स्मृतियों और जीवन के भावनात्मक संसार से जोड़ दिया।

कार्यक्रम में दिल्ली-NCR के अनेक प्रतिष्ठित गायकों ने मुकेश जी के कालजयी गीत प्रस्तुत कर उन्हें संगीतमयी श्रद्धांजलि अर्पित की। ZEE TV सा रे गा मा पा के लिटिल चैम्प एवं ‘द राइजिंग स्टार’ के प्रसिद्ध गायक दिवाकर शर्मा की विशेष प्रस्तुतियों ने समारोह को विशिष्ट ऊंचाई प्रदान की। उनके साथ डॉ. अशोक श्रीवास्तव, संजय पांडेय, सोमेश्वर शर्मा, पंकज माथुर, कपिल तिवारी, विनय सेठिया सहित अनेक कलाकारों ने अपनी प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।

कार्यक्रम में ‘जाने कहाँ गए वो दिन’, ‘कहीं दूर जब दिन ढल जाए’, ‘एक प्यार का नगमा है’, ‘मैं न भूलूंगा’, ‘मेरा जूता है जापानी’, ‘फूल तुम्हें भेजा है खत में’ सहित अनेक लोकप्रिय गीतों ने मुकेश जी की स्वर्णिम संगीत विरासत को जीवंत कर दिया।

कार्यक्रम का विशेष आकर्षण श्रीमती अनिता भालवार का लंबे अंतराल के बाद साहित्यिक अंदाज में मंच संचालन रहा। उनके साथ डॉ. अशोक श्रीवास्तव एवं RJ कपिल तिवारी ने भी मंच संचालन किया।

नवरत्न फाउंडेशन्स के अध्यक्ष डॉ. अशोक श्रीवास्तव ने कहा कि मुकेश जी की आवाज़ में सादगी और अपनापन था, जो आज भी सीधे दिल तक पहुंचता है। ‘शुक्रिया मुकेश’ उसी अमर आवाज़ के प्रति कृतज्ञता का भाव है।

गंधर्व बैंड एवं जीतू बजाज के साउंड ने कार्यक्रम को शानदार संगीतात्मक आधार दिया। डिजिटल प्रस्तुति में संजय पांडेय, पंकज माथुर एवं अंशुमाली सिन्हा का सहयोग रहा। अंत में सभी कलाकारों एवं अतिथियों को उपहार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विशेष रूप से लायन मान सिंह चौहान, मुकुल वाजपई, बाबा कानपुरी, ज्योति सक्सेना, मृदुला सक्सेना, नवनीत सक्सेना, अनुभा उपाध्याय, विनोद पाण्डेय, अवनींद्र ठाकुर, मुकेश निगम, अरविन्द श्रीवास्तव,वर्षा श्रीवास्तव, आर.एन. श्रीवास्तव, रंजन तोमर, राजीव गर्ग, आर.सी. गुप्ता, रंजना चितकारा, प्रेम सागर प्रेम, कर्नल अमिताभ अमित, गीता तिवारी, कमांडर अलोक माथुर, डॉ. कल्पना भूषण, विजय सिंह, इत्यादि उपस्थित होकर कार्यक्रम का भरपूर आनंद लिया.

‘शुक्रिया मुकेश-2026’ की शाम समाप्त हुई, लेकिन मुकेश के सुर देर तक दिलों में गूंजते रहे—क्योंकि कुछ आवाज़ें कभी खामोश नहीं होतीं, वे याद बनकर हमेशा साथ चलती हैं।

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

खल रहा है सांसद और विधायक की निष्क्रियता नोएडा निवासियों को

ग्रैंड फिनाले में वरिष्ठ वर्ग में पुरषोत्तम बने सर्वोताम गायक और कनिष्ठ वर्ग में कुमारी हीरत सिसोदिया ने सर्वोत्तम गायिका की बाज़ी मारी

सेक्टर 122 में मनाया जा रहा छठ महापर्व,पवित्रता, संयम और श्रद्धा का संगम