*नोएडा में दिखेगी लघु भारत की झांकी, शुक्रवार को होगा एसएससीए 14वें नोएडा बसंत महोत्सव का आयोजन*
नोएडा
अगर आप सूरजकुंड मेला देखने के लिए नहीं जा पा रहे हैं तो टेंशन की कोई बात नहीं है. आप इस शुक्रवार (6 फरवरी) को नोएडा में ही लघु भारत की संस्कृति जीवंत तरीके से देख सकते हैं. सोसायटी फॉर स्पोर्ट्स एंड कल्चरल एडवांसमेंट (SSCA) की ओर से शुक्रवार को 14वें नोएडा बसंत महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है. जिसमें नोएडा-ग्रेटर समेत दिल्ली-एनसीआर के 20 स्कूलों/NGO के बच्चे विभिन्न राज्यों के लोक नृत्य प्रस्तुत करेंगे. इस प्रतियोगिता में टॉप-5 पोजीशन पर रहने वाली संस्थाओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा. जबकि *चैंपियन बनने वाले स्कूल को ट्रॉफी-मेडल के साथ-साथ शिव कुमार त्यागी-उर्मिला त्यागी मेमोरियल सिल्वर कॉइन अवार्ड (चांदी का सिक्का) से पुरस्कृत किया जाएगा.
सोसायटी के प्रेजिडेंट सुभाष अग्रवाल ने बताया कि यह अंतर-विद्यालय लोक नृत्य प्रतियोगिता शुक्रवार 6 फरवरी को NEA ऑडिटोरियम में होगी. प्रतियोगिता सुबह 9.30 बजे से लेकर 12.30 बजे तक चलेगी. इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में इस बार दर्शकों को पंजाब, हरियाणा, गुजरात, राजस्थान, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, तमिलनाडु, बिहार और उत्तर प्रदेश से जुड़े लोक नृत्य देखने को मिलेंगे. यह प्रतियोगिता सभी दर्शकों के लिए निशुल्क है. कोई भी व्यक्ति NEA ऑडिटोरियम में आकर इस सांस्कृतिक पर्व का आनंद ले सकेगा.
संस्था की संयोजक विमलेश शर्मा ने बताया कि प्रतियोगिता में दो श्रेणियां होंगी. पहली श्रेणी स्कूलों के लिए और दूसरी एनजीओ के लिए होगी. दोनों श्रेणियों में कुल 5 संस्थाओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया जाएगा. स्कूल कैटेगरी में टॉप 3 पोजिशन पर रहने वाली संस्थाओं को ट्रॉफी के साथ बच्चों को मेडल भी प्रदान किए जाएंगे. वहीं विजेता की ट्रॉफी जीतने वाले स्कूल को शिव कुमार त्यागी-उर्मिला त्यागी मेमोरियल सिल्वर कॉइन अवार्ड प्रदान किया जाएगा. यह अवार्ड सोसायटी की ओर से ट्रॉफी जीतने वाले स्कूल के प्रबंधक-प्रधानाचार्य को संस्था की ओर से अनुपम भेंट होगी. यह पुरस्कार सोसायटी की कल्चरल को-ऑर्डिनेटर डॉक्टर श्वेता त्यागी के स्वर्गीय माता-पिता की मधुर स्मृति में शुरू किया जा रहा है.
कल्चरल को-ऑर्डिनेटर डॉक्टर श्वेता त्यागी ने बताया कि SSCA का प्रयास है कि बच्चों में अपने देश की संस्कृति के प्रति गर्व का भाव उत्पन्न हो. इसीलिए 14 साल पहले इस प्रतिष्ठित कार्यक्रम नोएडा बसंत महोत्सव की शुरुआत की गई थी. जो अब शहर की पहचान बन चुका है. इस महोत्सव के लिए NEA का अहम योगदान है, जिसने बच्चों के लिए इस कार्यक्रम के लिए अपना ऑडिटोरियम 4 घंटे के लिए निशुल्क प्रदान किया है. इसके साथ ही लायंस क्लब ने बच्चों के लिए रिफ्रेशमेंट स्पॉंसर किया है. इस मदद के लिए सोसायटी दोनों संस्थाओं का हृदय से आभार व्यक्त करती है.