अपनी लंबित मांगों को लेकर किसानों ने प्राधिकरण के ख़िलाफ़ जुलूस निकालकर किया प्रदर्शन





 किसान सभा व किसान संघर्ष मोर्चा के आह्वान पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण पर हल्ला बोल प्रदर्शन में सीटू व जनवादी महिला समिति की दमदार भागीदारी रही 

ग्रेटर नोएडा:पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत आज अखिल भारतीय किसान सभा व किसान संघर्ष मोर्चा गौतम बुद्ध नगर के आह्वान पर ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण कार्यालय पर किसानों ने जुलूस निकालकर जोरदार हल्ला बोल प्रदर्शन किया।

किसानों की वर्षों से लंबित मांगों - 10% आबादी प्लॉट, नये भूमि अधिग्रहण कानून को लागू करना, आबादियों का निस्तारण - को लेकर बड़ी संख्या में किसान सुबह से ही प्राधिकरण पर एकत्रित हुए और नारेबाजी करते हुए जुलूस की शक्ल में प्राधिकरण कार्यालय पहुँचे।

किसानों की मांगों व उनके आंदोलन को पूर्ण समर्थन देते हुए सेंटर ऑफ इंडियन ट्रेड यूनियंस (सीटू) गौतम बुद्ध नगर और जनवादी महिला समिति के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने भी प्रदर्शन में हिस्सा लिया।

सीटू जिला अध्यक्ष मुकेश कुमार राघव, महासचिव रामस्वारथ, सचिव गंगेश्वर दत्त शर्मा, जिला कमेटी सदस्य अरुण कुमार पटेल तथा जनवादी महिला समिति दिल्ली-एनसीआर राज्य अध्यक्ष आशा यादव, जिला अध्यक्ष रेखा चौहान, कोषाध्यक्ष गुड़िया देवी व जिला कमेटी सदस्यों के नेतृत्व में सैकड़ों मजदूर, महिला कार्यकर्ताओं ने किसान-मजदूर एकता के नारे लगाते हुए मार्च में भागीदारी की।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण किसानों के साथ वादाखिलाफी कर रहा है। हाई पावर कमेटी की सिफारिशों के बावजूद 10% प्लॉट और आबादी निस्तारण का काम अधूरा है। नया भूमि अधिग्रहण कानून लागू न करके किसानों को उनके हक से वंचित किया जा रहा है।

नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि किसानों की मांगों का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो सीटू व किसान सभा मिलकर बड़ा आंदोलन करने को बाध्य होगी।

इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

खल रहा है सांसद और विधायक की निष्क्रियता नोएडा निवासियों को

ग्रैंड फिनाले में वरिष्ठ वर्ग में पुरषोत्तम बने सर्वोताम गायक और कनिष्ठ वर्ग में कुमारी हीरत सिसोदिया ने सर्वोत्तम गायिका की बाज़ी मारी

आठवले ने प्रधानमंत्री मुलाकात कर महाबोधि मंदिर अधिनियम रद्द करने की मांग दोहराई