तस्करी के तीन आरोपी गिरफ्तार, 43 किलो गांजा बरामद
पकड़े गए नशीले पदार्थ का मूल्य 6.5 लाख से अधिक
अपराध संवाददाता
नोएडा। थाना सेक्टर-20 की पुलिस ने सेक्टर-03 स्थित विप्रो चौराहे के पास से तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 43.5 किलो गांजा बरामद हुआ है। पकड़े गए गांजे का मूल्य 06 लाख 52 हजार रुपये बताया गया है।
पुलिस के मुताबिक शुक्रवार को सूचना मिली कि तीन तस्कर भारी मात्रा में गांजा के साथ सेक्टर-03 स्थित विप्रो चौराहे पर खड़े हैं। वे गांजा की सप्लाई के लिए कहीं जाने की फिराक में हैं। इस सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर तीनों ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से 43.5 किलो गांजा बरामद हुआ है। पकड़े गए गांजे का दाम 06 लाख 52 हजार रुपये बताया गया है। पकड़े गए आरोपियों में इमरान पुत्र दिलशाद, सचिन कुमार पुत्र महेन्द्र सिंह, और सतीश पुत्र महीपाल शामिल हैं।
पुलिस ने बताया कि पकड़े गए अभियुक्त शातिर किस्म के गांजा तस्कर हैं। गिरफ्तार सचिन और सतीश पहले भी गांजा तस्करी के आरोप में जेल जा चुके हैं। पुलिस इनके अन्य आपराधिक इतिहास खंगाल रही है।