राजीव त्यागी की मौत से कांग्रेस कार्यकताओं में उबाल, चैनल के दफ्तर पर प्रदर्शन

 


 पुलिस लाठीचार्ज का आरोप, गिरफ्तार नेता मुचलके पर रिहा


नोएडा। कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता की टीवी शो में डिबेट के दौरान आए हार्ट अटैक से मौत के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने फिल्म सिटी स्थित एक न्यूज चैनल के दफ्तर पर जोरदार प्रदर्शन किया। आरोप है कि पुलिस ने कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज किया और कई नेताओं को गिरफ्तार कर लिया।


गौरतलब है कि बुधवार को टीवी चैनल पर बहस के दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव त्यागी को हार्ट अटैक आया और जब तक उन्हें हॉस्पिटल ले जाया गया, तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। इस घटना से उत्तेजित बड़ी संख्या में कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सेक्टर-16 स्थित फिल्म सिटी स्थित एक बड़े खबरिया चैनल के दफ्तर पर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शन का नेतृत्व युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम नागर और महानगर कांग्रेस के अध्यक्ष सहाबुद्दीन ने किया। आरोप है कि प्रदर्शन कर रहे कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर पुलिस ने लाठीचार्ज किया और उत्तर प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष ओमबीर यादव, राष्ट्रीय सचिव दीपक भाटी चोटीवाला, जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम नागर, महानगर अध्यक्ष शहाबुद्दीन, राष्ट्रीय महासचिव भैया पवार, मुदस्सर जमा, सागर शर्मा, तौकीर, मुस्तफा को गिरफ्तार कर थाना 20 लाया गया। उन्हें देर शाम मुचलके पर छोड़ा गया। युवा कांग्रेस ने भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा और न्यूज एंकर रोहित सरदाना के खिलाफ थाना सेक्टर 20 में तहरीर दी। हालांकि अभी एफआईआर दर्ज नहीं हुई है।


इससे पहले न्यूज चैनल के मुख्य गेट पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष ओमबीर यादव ने चैनल पर डिबेट को बन्द करने, टीवी डिबेट में ऊंची आवाज में तर्क-वितर्क को रोकने और सनसनीखेज प्रोग्राम के रूप में भयावह और विषाक्त डिबेट को बंद करने की मांग की।


युवा कांग्रेस राष्ट्रीय सचिव दीपक भाटी चोटीवाला ने कहा कि जिस तरह से राष्ट्रवाद और धर्म के नाम पर नामी-गिरामी समाचार चैनल संबित पात्रा जैसे लोगों को बिठाकर जहरीली बातों का समर्थन करते हैं और खुद सत्ता की भाषा में संचालक की भूमिका निभाते हैं, यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। युवा कांग्रेस के जिलाध्यक्ष पुरुषोत्तम नागर ने कहा कि डिबेट पर संबित पात्रा जैसे लोग देश के माहौल को खराब करने का काम करते हैं। ऐसे लोगों को पैनल पर बुलाना बन्द करना चाहिए।


महानगर अध्यक्ष शाहबुद्दीन ने कहा कि कई बार अहम प्रवक्ताओं में होने वाली डिबेट इसलिए की जाती है ताकि ऊंची आवाज वाले माहौल में उनको सरेंडर करवाया जाए और डिबेट को सनसनीखेज बनाया जाए।


इस अवसर पर युवा कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव भैया पवार, राष्ट्रीय सचिव हेमन्त ऑगले, राष्ट्रीय सचिव मोहित चौधरी, उपाध्यक्ष ललित अवाना, कृपाराम शर्मा, फिरे सिंह नागर, अशोक शर्मा, सुनीता शारदा, सोविन्दर अवाना, रिजवान चौधरी, राजकुमार भारती, लियाकत चौधरी, सतेंदर शर्मा, डॉ. सीमा रेखा शर्मा, आस्था पाठक, करुणेश यादव, उदयवीर यादव, मुकेश शुक्ला, संदीप शिशोदिया, दया शंकर पांडेय, अरुण त्यागी, संजय तनेजा, सैफ खान, सागर शर्मा, मुस्तफा, तौकीर रोहित शर्मा, कुशलपाल भगेल, अली मोहमद और लाला नागर आदि उपस्थित रहे।



इस ब्लॉग से लोकप्रिय पोस्ट

*"आज़ादी के दीवानों के तराने* ’ समूह नृत्य प्रतियोगिता में थिरकन डांस अकादमी ने जीता सर्वोत्तम पुरस्कार

ईश्वर के अनंत आनंद को तलाश रही है हमारी आत्मा

सेक्टर 122 हुआ राममय. दो दिनों से उत्सव का माहौल