लोकमंच की ऑक्सीजन बैंक बनाने की तैयारी, यमुना के किनारे लगाए जायेंगे पांच लाख पौधे
संवाददाता
नोएडा। लोकमंच द्वारा बडे स्तर पर पौधारोपण करने की तैयारी की जा रही है इसके लिए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को तीसरा पत्र लोकमंच के महासचिव महेश सक्सेना द्वारा भेजा गया है । इसके पहले सांसद,विधायक , प्राधिकरण के सीईओ और एसीओ समेत कई अधिकारियों को पत्र दिया जा चुका है।
शनिवार को सेक्टर-15 स्थित नोएडा लोकमंच कार्यालय में यमुना नदी के बदलते स्वरूप एवं उसके संरक्षण को लेकर एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में यमुना नदी के प्राकृतिक स्वरूप को बचाने, पर्यावरण संतुलन बनाए रखने तथा नदी तटों को हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने पर विस्तृत चर्चा हुई। इस दौरान उपस्थित सदस्यों ने यमुना नदी क्षेत्र में बड़े स्तर पर वृक्षारोपण अभियान चलाने का प्रस्ताव रखा। इस अभियान के अंतर्गत यमुना नदी क्षेत्र में सेक्टर 14 ए से लेकर ग्रेटर नोएडा तक लगभग पाँच लाख पेड़ लगाए जाने की योजना पर सहमति बनी। इस संबंध में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री को प्रस्ताव एवं सुझाव प्रेषित किए गए हैं, ताकि इस जनहित एवं पर्यावरण संरक्षण से जुड़े अभियान को व्यापक स्तर पर लागू किया जा सके।
महेश सक्सेना ने बताया कि यमुना केवल एक नदी नहीं बल्कि हमारी सांस्कृतिक, पर्यावरणीय एवं सामाजिक धरोहर है। इसके संरक्षण हेतु जनभागीदारी और प्रशासनिक सहयोग दोनों आवश्यक हैं। पौधरोपण अभियान से न केवल पर्यावरण संरक्षण को बल मिलेगा बल्कि भूजल स्तर सुधारने एवं प्रदूषण नियंत्रण में भी सहायता प्राप्त होगी सामूहिक रूप से इस अभियान को जनआंदोलन का स्वरूप देने का संकल्प लिया जिसमें पहले चरण में पांच लाख पौधे लगाने की तैयारी है।
बैठक में सी.बी. झा, दीपिका ठाकुर, डॉ. उमेश, इंदिरा चौधरी, लिका सक्सेना, महेश सक्सेना महा सचिव नोएडा लोक मंच, मुक्ता गुप्ता, प्रदीप वोहरा, अर. एन श्रीवास्तव, रामशरण गौड़, एस.के. जैन, संतोष ठाकुर, सुरेश अग्रवाल, विभा बंसल, विनोद शर्मा एवं रेनु छिब्बरसमेत कई लोग मौजूद रहे।
